

प्रदीप कुमार शर्मा: किशनगंज,
19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, ठाकुरगंज द्वारा 21 अक्टूबर 2025 को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर शहीद जवानों के अदम्य साहस और बलिदान को नमन करने के लिए एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर सभी बलकर्मियों और अधिकारियों ने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्ण जीत शर्मा कमान्डेंट, 19वीं वाहिनी ठाकुरगंज के द्वारा पुष्प गुच्छ समर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया । तत्पश्चात् शोक शस्त्र की कार्यवाही सम्पन्न की गई, इस दौरान 19वीं वाहिनी के कमांडेंट महोदय ने शहीद जवानों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि इन वीरों ने अपनी जान की परवाह किए बिना मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति दी एवं महोदय द्वारा बताया गया कि यह दिवस हमें यह याद दिलाता है कि देश की सेवा और सुरक्षा के प्रति हमारे कर्तव्यों का निर्वाहन सर्वोच्च है ।
कमांडेंट महोदय ने अपने उद्बोधन में कहा कि शहीदों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा, हम सभी उनके आदर्शों और मूल्यों को अपने जीवन में उतारने का प्रयास करेंगे । इन वीर जवानों ने हमें यह सिखाया है कि देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए कुछ भी बलिदान किया जा सकता है । हमें गर्व है कि हम उनकी विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं । समारोह में सभी बलकर्मियों और अधिकारियों ने शहीदों के प्रति श्रद्धा व्यक्त की कार्यक्रम के दौरान शहीद जवानों के नामों का उच्चारण किया गया और उनके साहसिक कारनामों का विवरण दिया गया, जिससे समस्त बलकर्मियों के दिलों में देशभक्ति की भावना और प्रबल हुई ।
इस मौके पर बलकर्मियों ने यह संकल्प लिया कि वे शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेकर अपने कर्तव्यों का निर्वाहन और अधिक निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे।

इस कार्यक्रम में श्री एम.ब्रोजेन सिंह, द्वितीय कमान अधिकारी, राजीव शर्मा, उप कमान्डेंट, जगजीत बहादुर जेगवार उप कमान्डेंट, सभी अधीनस्थ अधिकारी एवं अन्य बल कार्मिकों ने भाग लिया ।









